जतारा। लूट की घटना की खबर जैसे ही जतारा में आग की तरह फैली, चारों पर लोगों में खलबली मच गई। किसी फिल्मी सूटिंग की तरह लुटेरों ने आकर चाकू से प्रहार किया और युवक से साढ़े सैतीस हजार रूपए लूट लिए। एटीएम से निकालकर आए गए रूपए युवक के हाथों में कुछ ही समय तक रह सके। अनुमान तो यही लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने एटीएम से ही युवक का पीछा किया और मौका लगते हुए उस पर झपटकर सारे रूपए छीन ले गए। लूट की दिनदहाड़े हुए वारदात के बाद से इलाके में दहशत बनी हुई है। पुलिस प्रशासन आरोपियों की खोजबीन में लगा हुआ है। बताया गया है कि मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा नगर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने ब्लैक स्कार्पियो से उतरकर एक युवक पर चाकू से हमला कर 37,500 से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया।
एटीएम से निकला, पीछे लग गए लुटेरे-
जानकारी के अनुसार करमौरा निवासी आशीष यादव जतारा स्थित एक एटीएम से 37,500 निकालकर अपने गांव लौट रहा था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पिपरट मार्ग पर पहुंचा, तभी पीछे से आई एक काले रंग की स्कार्पियो उसके पास आकर रुकी। वाहन से उतरे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।
विरोध करने पर किया चाकू से प्रहार-
जब आशीष ने बदमाशों का विरोध किया और बैग बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल आशीष लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश नकदी लेकर स्कार्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अलर्ट, स्कार्पियो की तलाश तेज-
घटना की सूचना मिलते ही जतारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है और संदिग्ध काले रंग की स्कार्पियो की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
दिनदहाड़े वारदात से दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
नगर के व्यस्त पॉलिटेक्निक कॉलेज मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।









