छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देरी रोड स्थित कृष्णा कॉलोनी में बीती रात चोरों ने महज 12 मिनट के अंदर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात 3:08 बजे से 3:20 बजे के बीच करीब 10 चोरों के गिरोह ने कॉलोनी में आतंक मचाते हुए चार मोटरसाइकिलें चुरा लीं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चोरी हुई मोटरसाइकिलों में चंद्रप्रकाश अहिरवार की हीरो एक्सट्रीम, सौरभ रैकवार की होंडा शाइन, गोकुल प्रसाद वर्मा की बजाज डिस्कवर और एक अपाचे बाइक शामिल हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बृज गोपाल मिश्रा के मकान के बाहर लगी कुंडी को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई उन्हें रोक न सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरी कॉलोनी में चोरों का आतंक बना रहा। घटना के समय जब कुछ लोग जागे तो उन्होंने छत से पड़ोसियों को आवाज लगाकर सतर्क किया। लोगों का कहना है कि घटना स्थल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन रात के समय वहां कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हाल ही में सागर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक की बैटरी चोरी हुई थी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के पास खड़े ट्रक की बैटरी भी चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही बाइक और ट्रक बैटरी चोरी की घटनाओं से आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में एक संगठित चोर गिरोह सक्रिय है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









