ईशानगर। ईशानगर के पाल मोहल्ला स्थित मंडलेश्वर मंदिर एवं बंधीकला के पीरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बैंड-बाजे और डीजे की धुनों पर भक्तजन जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजन में महंत श्री राम मनोहर दास जी, पंडित जगदीश प्रसाद पटेरिया सहित अनेक श्रद्धालु, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं। वहीं ईशानगर में भी शोभायात्रा का गांधी तिगड्डा, लक्ष्मी नारायण मंदिर और पड़ाव चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। विशेष रूप से मुस्लिम एवं हिंदू संगठनों द्वारा मिलकर स्वागत किया जाना सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बना। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और एकता का माहौल देखने को मिला।









