छतरपुर। छतरपुर जिले के थाना मातगुवाँ थाना क्षेत्र के ग्राम चौका निवासी एडवोकेट एवं कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को फर्जी बताते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा पुरानी रंजिश के चलते झूठा मामला दर्ज कराया गया है।राजेन्द्र सिंह के अनुसार गांव के भगत सिंह और उनके परिवार का लंबे समय से गांव में दबदबा है, जिसका वह विरोध करते रहे हैं। इसी कारण पहले भी उनके खिलाफ एक फर्जी मामला दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है।राजेन्द्र सिंह ने बताया कि 29 मार्च 2026 की रात पुलिस उन्हें घर से उठाकर थाने ले गई, जहां गांव के कुछ लोग पहले से मौजूद थे और उन पर फायरिंग व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। आवेदक का कहना है कि उन्होंने पूर्व में धर्म सिंह के खिलाफ एससी/एसटी एवं धारा 326 के मामले में न्यायालय में गवाही दी थी, जिसका बदला लेने के लिए यह साजिश रची गई है। राजेन्द्र सिंह ने कांग्रेसियों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और थाना मातगुवाँ में दर्ज एफआईआर को निरस्त किया जाए।










