छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां लिफ्ट के अंदर जेब काटने की कोशिश करते एक युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।जानकारी के अनुसार, युवक ने लिफ्ट में एक व्यक्ति की जेब से लगभग 4 हजार रुपये निकालने की कोशिश की। पीडि़त को जेब में अचानक हरकत महसूस हुई, तो उसने तुरंत युवक का हाथ पकड़ लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद परिजन, अन्य लोग और अस्पताल के गार्ड मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने युवक को घेरकर उसकी खूब पिटाई की और बाद में अस्पताल चौकी के माध्यम से पुलिस के हवाले कर दिया।बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में धुत था और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। पुलिस ने उसे पहले चिकित्सकीय जांच कराई और इलाज के बाद घर भेज दिया। अस्पताल के गार्डों का कहना है कि यह युवक पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में पकड़ा जा चुका है और अस्पताल परिसर में ऐसी हरकतें करने का इतिहास रहा है।










