छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार रात करीब 10 बजे गश्त कर रही सिटी कोतवाली पुलिस ने मानवता की एक अनुपम मिसाल पेश की। गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को अस्पताल के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति पन्नी ओढ़कर सोता हुआ मिला। ठंड के मौसम और असुरक्षित परिस्थितियों को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरक्षक राजेश बागरी और रोहित साहू ने तुरंत कार्रवाई की।दोनों पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग से बातचीत कर उसकी स्थिति समझी और उसे ठंड तथा असुरक्षा से बचाने के लिए तत्काल निर्णय लिया। उन्होंने बुजुर्ग को सुरक्षित तरीके से शहर के रैन बसेरे पहुंचाया, जहां उसकी रात गुजारने की उचित व्यवस्था कराई गई।कोतवाली टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी है। इस घटना से पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का संदेश मजबूती से सामने आया है। ऐसे कार्य न केवल समाज में विश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम भी करते हैं।










