छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम झमटुली में देर रात दबंगई का एक खौफनाक मामला सामने आया है। एक किराना दुकानदार ने देर रात गुटखा और सिगरेट देने से इंकार कर दिया तो शराब माफिया से जुड़े आरोपियों ने उसके घर पर पथराव, फायरिंग और मारपीट की। इस घटना में दुकानदार, उसकी पत्नी और बेटे को गंभीर चोटें आईं। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम झमटुली निवासी बिसला अहिरवार गांव में अपनी किराने की दुकान चलाते हैं। बीती रात लगभग 12 बजे राणा सिंह, शैलेन्द्र सिंह, डर्रू पटेल सहित कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे। उन्होंने गेट खटखटाकर राजश्री गुटखा और सिगरेट मांगते हुए दुकान खोलने की मांग की। दुकानदार ने देर रात होने के कारण दुकान न खोलने की बात कही तो आरोपी भड़क उठे।
आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसके बाद उन्होंने घर पर जमकर पथराव किया और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। हंगामा सुनकर दुकानदार का बेटा अरविंद और पत्नी दस्सी बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने उन पर भी बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटाई की। इस हमले में बिसला अहिरवार, उनकी पत्नी दस्सी और बेटे अरविंद तीनों घायल हो गए।
पीडि़त परिवार का आरोप है कि यह घटना गांव में शराब के ठेके से जुड़े कारोबार से संबंधित है। शराब के कारोबार से जुड़े राणा सिंह और उसके साथियों ने ही इस घटना को अंजाम दिया। पीडि़तों का कहना है कि आरोपियों ने दारू कंपनी के गुर्गों की तरह व्यवहार किया और गुटखा न देने पर बदला लिया।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फायरिंग की आवाजें, पथराव और मारपीट के दृश्य साफ दिख रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। बमीठा थाना पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।









