नौगांव। ‘यादव जी की लव स्टोरीÓ नामक फिल्म को लेकर नौगांव नगर में विरोध तेज हो गया है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तहसील चौराहे पर युवा यादव महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश सरकार से फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने नौगांव थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि फिल्म का शुभारंभ 27 फरवरी को प्रस्तावित है, जिसे तुरंत रोका जाए। चेतावनी दी गई कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो यादव समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। युवा यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि फिल्म में जाति विशेष को लेकर आपत्तिजनक प्रस्तुति की गई है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।जिला पंचायत सदस्य मोहन यादव ने भी विरोध जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में इस फिल्म का विरोध हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आई.पी. सिंह, शैलेंद्र सिंह टिंकू, जिला पंचायत सदस्य मोहन यादव, करण सिंह यादव, महिपाल सिंह, भागवत यादव, कृष्ण कुमार यादव, शिवम यादव, रईस यादव, सीताराम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।










