छतरपुर। नवाचार के अंतर्गत पारंपरिक खेलों को फिर से जीवंत करने की दिशा में जिला पंचायत छतरपुर ने एक सराहनीय कदम उठाया। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय लंगड़ी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शहर के पंडित बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी ब्लॉकों से कुल 64 खिलाडिय़ों ने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार और विधायक ललिता यादव उपस्थित रहीं। जिला पंचायत सीईओ नम: शिवाय अर्जरिया ने आयोजन के उद्देश्य और नवाचार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उद्बोधन के दौरान राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार उन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दे रही है जो समय के साथ विलुप्त हो रहे थे। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार खेलों को विशेष महत्व देती है। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ी खेलें और आगे बढ़ें, सरकार उनके साथ खड़ी है। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों के लिए अपनी ओर से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।विधायक ललिता यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें, यही सरकार की सोच है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जब मैदान पर लंगड़ी दौड़ शुरू हुई तो दर्शकों और अतिथियों के चेहरे खिल उठे। इस पारंपरिक खेल को इतने भव्य स्तर पर आयोजित देख कई लोगों ने अपने बचपन के दिनों को याद किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। बॉयज वर्ग में यशवंत पटेल ने प्रथम, प्रथम परिहार ने द्वितीय और संदीप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गल्र्स वर्ग में कामिनी यादव प्रथम, तारा यादव द्वितीय और नंदनी यादव तृतीय रहीं। इन सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इसके अलावा रेशमा, क्रांति और अक्षिता सिंह जैसे अच्छे प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाडिय़ों को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।










