बिजावर। केन-बेतवा लिंक परियोजना के कारण प्रभावित ढोढऩ ग्राम के ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। बांध निर्माण और विस्थापन के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने तहसील परिसर और एसडीएम कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर रात में पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार की, जिससे प्रदर्शनकारी भड़क उठे और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को भी घेर लिया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन बैकफुट पर नजर आए। सूत्रों के अनुसार पुलिस मुकाबला करने के बजाय पीछे हटी। घटना के बाद बिजावर थाने में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस पर पथराव और चक्का जाम जैसी धाराएं लगाई गई हैं।
प्रदर्शन मुख्य रूप से केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित होने वाले ढोढऩ ग्राम के लोगों द्वारा किया जा रहा था। वे मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर आक्रोशित हैं। पुलिस अब पथराव करने वालों की पहचान कर रही है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के एलाउंसमेंट और समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।









