छतरपुर। सटई थाना अंतर्गत ग्राम छापर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को एक व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अवैध रूप से अपने पास रखने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर आवेदन सौंपा और रीवा निवासी आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही कर अपनी पत्नी को वापस दिलाने की मांग की है।छापर निवासी मुकुंदी अहिरवार ने बताया कि वह अपनी पत्नी रिंकी और दो बच्चों के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मजदूरी करता था। 16 अक्टूबर 2025 को उसकी पत्नी अचानक बच्चों सहित लापता हो गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसने हिमाचल प्रदेश में दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि उसकी पत्नी को सत्यदेव चर्मकार निवासी उतरातुड़िया जिला रीवा ने बहला-फुसलाकर अपने पास रख लिया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसके दोनों बच्चों को तो वापस भेज दिया है, लेकिन उसकी पत्नी को अभी भी अपने कब्जे में रखा हुआ है। जब मुकुंदी अपनी पत्नी को लेने रीवा पहुँचा, तो आरोपी सत्यदेव और उसके परिजनों ने उसे कट्टे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी के चंगुल से उसकी पत्नी को मुक्त कराकर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।










