बकस्वाहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकस्वाहा में शनिवार को कायाकल्प पियर एसेसमेंट का आयोजन किया गया। इस दौरान मूल्यांकनकर्ता के रूप में डॉ. शोभित तिवारी एवं नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मी लोधी ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित कायाकल्प मापदंड सूची के अनुसार अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं का गहन और तथ्यात्मक आकलन किया। यह एसेसमेंट खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यम असाटी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
मूल्यांकन के दौरान ओपीडी व आईपीडी सेवाएं, बायो-मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन, दवा भंडारण, रिकॉर्ड संधारण, संक्रमण नियंत्रण, वार्ड प्रबंधन, शौचालयों की स्थिति तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता जैसे सभी निर्धारित बिंदुओं पर बारीकी से निरीक्षण किया गया। कई मानकों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहीं कुछ बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता भी स्पष्ट रूप से चिन्हित की गई। डॉ. शोभित तिवारी ने अच्छी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कमियों पर वस्तुनिष्ठ सुझाव दिए। नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मी लोधी ने नर्सिंग सेवाओं, मरीज देखभाल और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष फोकस किया। एसेसमेंट के दौरान लगभग सभी स्टाफ ने अपनी जिम्मेदारियों से संबंधित जानकारी के साथ प्रस्तुतीकरण दिया।
इस अवसर पर लेखापाल दीपक बाल्मीकि, बीसीएम वीरेन्द्र अग्रवाल, लेब टेक्नीशियन कमलेश रैकवार, गुड्डा अहिरवार, लक्ष्मी पटेल सहित सीएचसी बकस्वाहा का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यम असाटी ने बताया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।







