वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी खजुराहो भी मंगलवार को भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में रही। कोहरे की सघनता इतनी अधिक थी कि सड़कों पर दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि खजुराहो में मौसम का मिजाज सोमवार रात से ही बिगडऩा शुरू हो गया था, रात करीब 9 बजे से ही घने कोहरे ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थिति यह रही कि सूरज के दर्शन नहीं हुए और चारों ओर धुंध छाई रही। हालांकि भीषण ठंड के बावजूद खजुराहो पहुंचने वाले देशी-विदेशी सैलानियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सैलानी कोहरे की चादर में लिपटे मंदिरों का दीदार करते रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो-तीन दिनों तक कोहरे का यही दौर जारी रहेगा और धूप निकलने में देरी होगी।










