छतरपुर। जिला मुख्यालय पास मौजूद एक गाँव में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब नशे में धुत्त एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस हमले में युवक को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वर्तमान में घायल का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम सौंरा में बीती रात सोहन अहिरवार पर गाँव के ही भक्ति अहिरवार ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर सोहन से उसकी कहासुनी हो गई थी। आवेश में आकर भक्ति अहिरवार ने सोहन के सिर पर धारदार हथियार से जोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। परिजनों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घायल सोहन को छतरपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।










