छतरपुर। सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम चंद्रपुरा फोरलेन के किनारे एक मैदान से गांजा तस्करी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 700 ग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब सवा लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन की टीम विगत दिवस रोड पेट्रोलिंग पर थी, तभी उन्हें ग्राम चंद्रपुरा में फोरलेन के बगल में स्थित एक क्रेशर के पास मैदान में कुछ संदिग्धों द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की गोपनीय सूचना मिली। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर मौजूद चार संदिग्धों को दबोच लिया। जब उनके पास मौजूद दो थैलों की विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके भीतर भारी मात्रा में अवैध गांजा पाया गया। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ को जब्त कर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान सुरेंद्र उर्फ उप्पल यादव निवासी ढोंगरा सटई, काशीराम यादव निवासी ढोंगरा सटई, उमाशंकर पटेल निवासी खजवा राजनगर और हरदयाल तिवारी निवासी गोपालपुरा छतरपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल काशीराम यादव एक शातिर अपराधी है, जो पूर्व में एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और रोड एक्सीडेंट जैसे कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब इन तस्करों से मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत और उनके नेटवर्क के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य सफेदपोश चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।










