Home डेली न्यूज़ कोटा हत्याकांड में न्याय के लिए सड़क पर उतरी ओबीसी महासभा

कोटा हत्याकांड में न्याय के लिए सड़क पर उतरी ओबीसी महासभा

50
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा में हुए सनसनीखेज संतोष पटेल हत्याकांड ने अब तूल पकड़ लिया है। जमीन विवाद के चलते हुई इस हत्या के विरोध में शुक्रवार को पीडि़त परिवार ने ओबीसी महासभा के बैनर तले कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने के साथ-साथ राजनगर थाना प्रभारी और दो आरक्षकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।मृतक के भाई रामदयाल पटेल ने बताया कि संतोष ने रणधीर सिंह परमार से 14 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी, जिसे लेकर आरोपी पक्ष लगातार रंजिश रख रहा था। वारदात से कुछ दिन पहले भी आरोपियों द्वारा घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इतना ही नहीं, मुख्य आरोपियों की इंस्टाग्राम आईडी पर अवैध हथियारों के साथ प्रदर्शन करते हुए कई वीडियो मौजूद थे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इन साक्ष्यों के बावजूद कोई कठोर प्रिवेंटिव एक्शन नहीं लिया। हालांकि पूर्व में कुछ आरोपियों पर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया था, लेकिन वे जल्द ही बाहर आ गए और इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। गत सोमवार की रात हुई इस जघन्य घटना का विवरण देते हुए परिजनों ने बताया कि जब संतोष और उसके भाई घर पर थे, तभी रणधीर सिंह परमार, बहादुर सिंह, नरेन्द्र सिंह, सत्यम सिंह, पुष्पेंद्र, अंजुल बुंदेला, गोल्डी, शिवराज सिंह, नाती राजा और सौरभ सहित अन्य लोग अवैध हथियारों और बंदूकों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाँव में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली संतोष पटेल के पेट में जा लगी। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन मोटरसाइकिल से सीधे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि नामजद 10 आरोपियों में से 8 मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष दो की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, ओबीसी महासभा के प्रदेश सचिव कृष्ण कुमार पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई और आरोपियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त नहीं किया गया, तो समाज उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा।इनका कहनाहमने 8 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। कानून व्यवस्था बिगाडऩे वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और शेष आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।मनमोहन बघेल, एसडीओपी, खजुराहो

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here