छतरपुर जिले के नौगांव स्थित ऐतिहासिक राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित 70वें महाराजा छत्रसाल लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में नौगांव वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खजांची स्पोर्टिंग को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी और प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। मैच की समाप्ति पर क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने आतिशबाजी और तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।मैच के विवरण के अनुसार, खजांची स्पोर्टिंग के कप्तान कलीम अंसारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान कलीम ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए 33 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि ऋतुराज ने 16 गेंदों पर 22 रन बनाए। नौगांव वॉरियर्स के गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की, जिसमें चेतन राय ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, वहीं प्रवेंद्र और चेतन को 2-2 सफलताएं मिलीं। खजांची स्पोर्टिंग ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 142 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया।जवाब में जीत के इरादे से उतरी नौगांव वॉरियर्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज सूरज तिवारी ने मैदान के हर कोने में चौकों-छक्कों की बरसात की और मात्र 48 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेलकर मैच को एकतरफा बना दिया। कप्तान रोहित चौबे ने 20 रन और छोटू गौड़ ने 17 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि अंत में हर्षित भदौरिया ने विजयी चौका लगाकर टीम को चैंपियन बनाया। खजांची स्पोर्टिंग की ओर से नदीम अंसारी और जुबैर ने 2-2 विकेट लिए लेकिन वे अपनी टीम की हार नहीं टाल सके।पुरस्कार वितरण समारोह में सूरज तिवारी को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले खजांची स्पोर्टिंग के नदीम अंसारी को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। निर्णायक की भूमिका में अंपायर प्रशांत नामदेव और शाहिद बजाज रहे। इस अवसर पर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने घोषणा की कि आगामी 2 जनवरी से इसी मैदान पर अखिल भारतीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें देश की जानी-मानी टीमें हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह, पूर्व विधायक गुड्डन पाठक और नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










