छतरपुर। छतरपुर तहसील में नवनियुक्त अधिवक्ता कार्यकारिणी द्वारा परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका के सहयोग से आयोजित इस अभियान में तहसील के नवनियुक्त पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने श्रमदान किया।
गुरुवार को नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, ग्रंथपाल और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विशेष बात यह रही कि यह अभियान सचिव अनिल द्विवेदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें फिजूलखर्ची के बजाय समाज सेवा का संदेश दिया गया। नगर पालिका छतरपुर के अमले और संसाधनों के सहयोग से पूरे तहसील परिसर की सघन सफाई की गई। अभियान के दौरान अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने समस्त अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों से भावुक अपील की कि वे तहसील परिसर में कचरा न फैलाएं। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही पूरे परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाए जाएंगे ताकि गंदगी पर लगाम लगाई जा सके। उपाध्यक्ष लखन लाल द्विवेदी ने इस अभियान को निरंतरता देने की बात कहते हुए बताया कि अब तहसील में नियमित रूप से झाड़ू लगाई जाएगी और सप्ताह में एक दिन सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नई परंपरा की सराहना की।









