Home डेली न्यूज़ आधा दर्जन लोगों ने बस रोककर ड्राइवर को पीटा

आधा दर्जन लोगों ने बस रोककर ड्राइवर को पीटा

111
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 39 पर स्थित टोरिया गांव में गुंडों के आतंक की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पन्ना से इंदौर जा रही एक यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर बदमाशों ने ड्राइवर के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उसे बस से उतारकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान जब स्थानीय लोग और यात्री ड्राइवर को बचाने पहुँचे, तो बदमाशों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक घटना के कारण हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाँच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम टोरिया में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पन्ना से इंदौर जा रही नफीस बस को दबंगों ने रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने बस के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी और ड्राइवर को नीचे खींच लिया। इसके बाद उन लोगों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई शुरू कर दी। जब वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन पर भी डंडों से हमला किया गया। इस मारपीट और हंगामे के कारण नेशनल हाईवे-39 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग एक किलोमीटर तक लगे इस जाम में सैकड़ों यात्री घंटों फंसे रहे। यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में इस घटना को लेकर भारी दहशत देखी गई। घटना की कवरेज करने पहुँचे एक स्थानीय पत्रकार के साथ भी बदसलूकी की गई और उसका कैमरा बंद कराने का प्रयास किया गया, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित कर जाम खुलवाया। पुलिस ने घायल ड्राइवर और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं। बमीठा थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जाँच के आधार पर 5 आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाईवे पर कानून-व्यवस्था बिगाडऩे और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here