छतरपुर। जिले में खाद की भारी किल्लत से परेशान किसानों का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर देखने को मिला। समय पर खाद नहीं मिलने से नाराज़ किसानों ने सटई रोड पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 30 मिनट तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। अचानक लगे जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम एवं सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि रबी सीजन में खाद की समय पर आपूर्ति नहीं होने से बुवाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।किसानों का कहना है कि वे पिछले दो-तीन दिनों से लगातार खाद वितरण केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। किसान अंकित पाल, निवासी दलपतपुरा ने बताया कि जब प्रशासन दावा कर रहा है कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, तो फिर किसानों को खाद क्यों नहीं दी जा रही है। इसी तरह किसान प्रियंका पटेल ने बताया कि वह सुबह 6 बजे से लाइन में लगी थीं, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल सकी। सिर्फ अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं, वितरण नहीं हो रहा है। प्रशासन द्वारा जल्द खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं और शीघ्र ही खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।










