छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। वार्ड क्रमांक-1 निवासी गोकुल प्रसाद मिश्रा सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक, जो कथित तौर पर शराब के नशे में थे, अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार बैठे।टक्कर से गोकुल प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद परिजन उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि बाइक सवार युवक नशे की हालत में थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










