छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पठापुर में पुराने विवाद को लेकर बीती रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प हो गई और इसी बीच एक युवक को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जाँच की जा रही है, क्योंकि घटना में कुछ बिंदु संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार पठापुर निवासी राजू श्रीवास के पैर में गोली लगी है। घटना के बाद उसे पुलिस की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। पीडि़त राजू श्रीवास ने पुलिस को बताया कि पुराने जमीनी विवाद के चलते रात करीब 12:30 बजे उसके चचेरे परिवार का महेश, कल्लू, गजेन्द्र और एक अन्य युवक उसके घर पहुँचे और माँ के साथ मारपीट की। राजू के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने उस पर गोली चला दी, जो उसकी जांघ में लगी। राजू ने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले उसके छोटे भाई का इन्हीं लोगों से झगड़ा हुआ था और उसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल ओरछा रोड थाना पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना के सही कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं पीडि़त पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









