घुवारा। अबार माता से दर्शन कर लौट रही महिलाओं से भरी एक टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर महिलाएं घायल हो गईं। हादसा अबार माता मंदिर से लगभग एक किलोमीटर आगे अबार नाला के पास हुआ।जानकारी के अनुसार, महाराजगंज थाना बड़ामलहरा से करीब 13 महिलाएं किराए की टैक्सी से अबार माता के दर्शन करने गई थीं। दर्शन करके लौटते समय अचानक भैंसों का झुंड सड़क पर आने से वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और टैक्सी पलट गई। हादसे में गोरी बाई आदिवासी (60) की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया तथा प्राथमिक उपचार के बाद 12 घायलों को बड़ामलहरा सिविल अस्पताल रेफर किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









