छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह का हरपालपुर प्रवास कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का बड़ा अवसर बना। अर्चना सिंह लगभग एक दर्जन गाडिय़ों के काफि़ले के साथ हरपालपुर पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर टेंट लगाकर उनका भव्य स्वागत किया।युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर अपनी उत्साही सहभागिता दिखाई। वहीं मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेता लोकेंद्र सिंह, विनोद राय, महेश राय सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सौरव शाह के साथ मिलकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह प्यार और सम्मान ही मेरी ताकत है। प्रदेश नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, वह केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरी भारतीय जनता पार्टी और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि छतरपुर जिले के कार्यकर्ताओं के मान, सम्मान और हितों की रक्षा सर्वोपरि रहेगी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में मिला यह दायित्व कार्यकर्ताओं की शक्ति और सहयोग से और अधिक अनुभवी बनाएगा। अर्चना सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता का दुख-दर्द मेरा अपना दुख-दर्द है। आपका स्वागत सिर्फ स्वागत न रहे, बल्कि आपकी आवाज़ प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने का माध्यम बनाना ही मेरी सबसे बड़ी कोशिश रहेगी।









