बड़ामलहरा। जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गरखुवा की महिलाओं ने एकजुट होकर ग्राम में बिक रही अवैध शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर तहसीलदार विशम्भर सिंह मरावी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से ग्राम में पूर्ण रूप से शराबबंदी लागू किए जाने की मांग करते हुए शराब से होने वाले सामाजिक व पारिवारिक दुष्परिणामों को विस्तार से बताया।गौरतलब है कि बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश ग्रामों में अवैध शराब की बिक्री निरंतर जारी है, जिसके चलते लड़ाई-झगड़े, घरेलू हिंसा और अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। इन्हीं स्थितियों पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में शराबबंदी की मुहिम विगत माह से लगातार चलाई जा रही है। इसी क्रम में गरखुवा ग्राम की महिलाओं ने आगे बढ़कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।










