टीकमगढ़। जिलान्तर्गत क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार की मुख्य उपस्थिति में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जन्मजयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता के लिए एवं एक भारत, आत्म निर्भर भारत का संदेश देते हुए यूनिटी मार्च निकाला गया, जिसका आयोजन मेरा युवा भारत ने किया। यूनिटी मार्च टीकमगढ़ के नयाखेरा से बौरी, हनुमानसागर होते हुए मानिकपुरा पहुंचा जिसमें जगह-जगह पौधारोपण किया गया व बुजुर्गों का ग्राम में फूलमाला से सम्मान हुआ एवं ग्राम पंचायत स्थल पर केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने सभाएं की। यूनिटी मार्च में फिजिकल प्रेक्टिस सैनिक, आईटीआई युवा, विभिन्न संस्थाओं से युवा वर्ग के साथ-साथ नारी शक्ति का उदाहरण देते हुए बालिकाएं भी आगे कदम से कदम मिलाकर चलती दिखी। ग्राम वासियों ने जगह-जगह यूनिटी मार्च में सम्मिलित लोगों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। फल वितरित हुए डीजे की धुन पर देश भक्ति के गीत जहां लोगों का उत्साह बढ़ाते रहे। आखिर में मानिकपुरा समापन पर सभा हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा वर्ग उपस्थित रहा एवं प्रशासनिक अधिकारी व शिक्षा विभाग कमचारी उपस्थित रहे। सभा के पश्रात सभी के लिए भोजन व्यवस्था की गई। केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2025 भारत के प्रथम गृहमंत्री लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती का वर्ष है। इस अवसर पर देश भर में दिनांक 31 अक्टूबर से 6 नवंबर 2025 तक सरदार /150 यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन जगह-जगह किया जा रहा है, वहीं युवा प्रतिनिधि बस द्वारा करमसद पहुंचेंगे एवं राष्ट्रीय पदयात्रा में सरदार पटेल की जन्म स्थान करमसद से स्टैचू ऑफ यूनिटी केवडिय़ा तक 150 की यात्रा करेंगे। यह यात्रा राष्ट्रीय एकता से ओतप्रोत, एक भारत आत्म निर्भर भारत का संदेश दे रही है। सरदार पटेल की उपाधि उन्हें बार डोली सत्याग्रह से देशभर के किसानों को कर्ज माफी की जीत से मिली, उनके द्वारा देश भर में राष्ट्रीय एकता के लिए किए गए प्रयास आज भी जीवंत है, सैकड़ों कार्य उनके राष्ट्र हित के लिए समर्पित हुए राष्ट्र की एकता को समर्पित यह पदयात्रा सभी लोकसभा में निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ देश हित में बड़े युवा तबके को जोडऩा है। राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ नशा मुक्ति की भी पदयात्रा में शपथ दिलाई गई। पद यात्रा में कलेक्टर विवेक श्रोतीय, नेहरू युवा अधिकारी कपिल सेन, डीपीसी त्रिपाठी, सीएल अहिरवार शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित वरिष्ठ नेता विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, वरिष्ठ नेता डॉ अभय यादव, अजय यादव, आशुतोष भट्ट, रीतेश भदौरा, पूनम अग्रवाल, विभा श्रीवास्तव, पुष्पा यादव, संध्या सोनी, प्रफुल्ल द्विवेदी, बृज किशोर तिवारी, जीतू सेन, प्रतेंद्र सिंघई, अनीश खान, अरविंद खटीक, नरेश तिवारी, सुरेश दोंदरिया, श्याम यादव, स्वप्निल तिवारी, डॉ सुमित उपाध्याय, आनंद कुशवाहा, रिषी यादव, हर प्रसाद कुशवाहा, सुनील रैकवार, देवेंद्र सेन, वीरेंद्र परमार, हरीश अहिरवार, उमेश अहिरवार, भूपेंद्र यादव, सतेंद्र ठगन सहित बड़ी संख्या में युवा वर्ग उपस्थित रहा।
नशा को लेकर आई गांवों में जागरूकता-
इन दिनों जिले के गांव-गांव में नशा के विरोध में कठोरता से कदम उठाए जाने लगे हैं। वहीं शराब बिक्री को लेकर भी विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। समाजिक स्तर पर किए जा रहे जुर्माना और अन्य फैसलों ने शराब पीने वालों एवं बेंचने वालों पर गहरा असर छोड़ा है। समाज में कुरीतियों को मिटाने के लिए आई जागरूकता ने एक नई चेतना जगाई है, जिसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है। सरकार में बैठे लोगों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी नशा से दूर रहने के लिए कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों द्वारा शपथ ली भी जा रही है। लेकिन इन शपथ लेने वालों में अधिकांश वह चेहरे ही होते हैं, जो अधिकांश पहले से ही शराब नहीं पीते हैं। शराब पीने वालों के बीच इस तरह के आयोजनों की जरूरत बताई जाती रही है। शराब बिक्री के ठिकानों और उनके आसपास एवं अवैध शराब के संभावित अड्डों
के आसपास लोगों को शराब के अवगुण बताने की जहां जरूरत है, तो वहीं लोगों को शराब से दूर रखे जाने के लिए देश एवं प्रदेश में शराब बंदी लागू किए जाने से ही स्थाई हल हो सकेगा। जब जनता जागरूक होने लगी है, तो सरकार को भी ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। अवैध एवं वैध तरीके से बिकनी वाली शराब के खिलाफ भी नोट बंदी की तर्ज पर अचानक फैसला लिया जाना चाहिए। गांव वासियों ने जहां नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे आयोजनों की प्रशंसा की है, तो वहीं देश और प्रदेश में शराब बंदी की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता बताई है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से प्रयास किए जाने का आग्रह किया है।









