बक्सवाहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा की लचर व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आज सुबह करीब 11 बजे ग्राम अगारा निवासी राजा सिंह पिता मनन सिंह उम्र 30 वर्ष और मैदा बाई (उम्र 27 वर्ष) का बाइक से एक्सीडेंट हो गया। घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा लाया गया लेकिन वहां का हाल बेहाल था।अस्पताल में उस समय केवल एक नर्स मौजूद थी कोई डॉक्टर नहीं था। न स्ट्रेचर मिला, न व्हीलचेयर, घायल को परिजनों और मीडिया की मदद से खुद अस्पताल के अंदर ले जाया गया। बाद में फोन करने पर डॉक्टर पहुंचे और मरीज की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में आए दिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति रहती है और मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। अब सवाल यह है कि आखिर प्रशासन कब इन लापरवाहियों पर सख्त कदम उठाएगा?










