महिला वनडे विश्व कप के फाइनल मुकाबले में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने हैं। इस रोमांचक मुकाबले से पहले पूरे देश की तरह छतरपुर जिले के घुवारा नगर में भी भारतीय टीम की जीत के लिए जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नगर में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन और टीवी सेट लगाए गए हैं, ताकि लोग एक साथ मिलकर मैच का आनंद ले सकें। घुवारा की स्थानीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ भारतीय महिला टीम का हिस्सा हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में गर्व और उत्साह का माहौल है। नगर के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष प्रार्थना और हवन किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह तैयारी केवल मैच देखने के लिए नहीं, बल्कि देश को विश्व विजेता बनते देखने की उम्मीद और खिलाडिय़ों के प्रति समर्थन की भावना का प्रतीक है। घुवारा के लोगों ने कहा कि क्रांति गौड़ जैसी स्थानीय बेटियों के टीम में शामिल होने से क्षेत्र का गौरव बढ़ा है और अब सभी को उम्मीद है कि भारत आज इतिहास रचकर विश्व कप अपने नाम करेगा।









