छतरपुर। बीती शाम छतरपुर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेन्द्र चौरसिया और उपाध्यक्ष विकेन्द्र बाजपेई ने दशहरे के मौके पर सभी पार्षदों को पान को खिलाकर दशहरे की बधाई दी। वहीं पार्षदों ने भी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को पान खिलाकर बुंदेली अंदाज में दशहरे की राम-राम की।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया ने बताया कि यह परंपरा महोबा से शुरू हुई थी। उस समय योद्धाओं को संकल्प लेने के लिए बीरा (पान) उठाना पड़ता था, जो कालांतर में बीड़ा उठाना वाले मुहावरे के रूप में प्रचलित हुई। उन्होंने कहा कि चूंकि हमारे जिले में पान की खेती होती है इसलिए हमेशा से हमारे यहां दशहरे पर एक-दूसरे को पान खिलाकर बधाई देने की परंपरा रही है। इस दौरान छत्रसाल चौक के अलावा शहर के चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में पान की दुकानें लगी हुई थीं, जहां मीठा, चॉकलेट, ऑरेंज और मैंगो फ्लेवर वाले पान बिकते रहे।









