बक्सवाहा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की टीम ने बीती रात भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर जा रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर पीछा किया और भैंसों को मुक्त कराकर गौशाला पहुंचाया। हालांकि सभी तस्कर भागने में सफल रहे। हिन्दु संगठनों ने स्थानीय पुलिस पर तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विहिप-बजरंग दल की टीम को गौ-तस्करी की सूचना मिली, जिसके बाद गौ-रक्षक प्रियांशु रावत, सूरज खटीक ने पिकअप का पीछा कर उसे रोका। पिकअप में भैंसों को क्रूरता से भरा गया था। कार्यकर्ताओं ने भैंसों को मुक्त कर गौशाला भेज दिया। इसी बीच पिकअप का ड्राइवर और उसका सहयोग भाग निकला। गौसेवकों ने एक वीडियो जारी कर पुलिस पर तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।










