राजनगर। भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत के बैनर तले किसानों ने मंगलवार को नगर परिषद सभागार में मंचीय कार्यक्रम के बाद ट्रैक्टर रैली निकाली और तहसील प्रांगण पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम प्रशांत अग्रवाल और तहसीलदार धीरज गौतम को सौंपे गए इस ज्ञापन में मूंगफली खरीदी का समर्थन मूल्य 7263 रुपये प्रति क्विंटल करने, मंडियों में बेहतर खरीदी व्यवस्था, बिजली और सिंचाई समस्याओं का समाधान, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, भू-अधिग्रहण कानून में संशोधन, और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से खाद-बीज वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग शामिल थी। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह, प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह, प्रांत संगठन मंत्री तुलाराम, संभागीय अध्यक्ष रहीस, जिला अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद पटेल, जिला मीडिया प्रभारी हरदयाल कुशवाहा, युवा वाहिनी जिला प्रमुख राधाचरण पटेल सहित सैकड़ों किसान और पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।










