Home डेली न्यूज़ पुलिस परेड ग्राउंड में डायल 112, जन-जन की सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता के...

पुलिस परेड ग्राउंड में डायल 112, जन-जन की सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम

28
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। नागरिकों की सुरक्षा एवं त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने हेतु मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जिले को कुल 31 नवीन एफआरवी (डायल-112) वाहन प्राप्त हुए हैं। पूर्व से संचालित आकस्मिक पुलिस सेवा का समय के अनुसार आधुनिकीकरण हुआ है। डायल-112 राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा है, जिसमें पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, आपदा प्रबंधन और अन्य आपातकालीन एजेंसियाँ एकीकृत रूप से शामिल हैं। इससे आपात परिस्थितियों में सहायता और प्रतिक्रिया अधिक त्वरित, समन्वित और प्रभावी होगी। अब इन नए वाहनों के जुडऩे से जिले में पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा तथा सड़क दुर्घटनाओं, अपराध की सूचनाओं, आगजनी, महिला सुरक्षा संबंधी घटनाओं एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड से सभी नए वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर पंक्तिबद्ध रवाना किया गया। सभी वाहन फील्ड में क्षेत्र अनुसार निर्धारित नोडल प्वाइंट पर ड्यूटी में तत्पर रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहनों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, तकनीकी, मैकेनिकल उपकरण, एवं उपलब्ध टूल्स, स्ट्रेचर, रस्सी, कटर, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार किट इत्यादि भी चेक किए गए। नवीन वाहनों में दुर्घटना ग्रसित/ घायल/ पीडि़त की सुविधा अनुसार फोल्डिंग स्ट्रेचर की एवं सीट फोल्ड कर आराम से बेड की तरह व्यवस्था है, उपचार हेतु ले जाते समय घायल को परेशानी ना हो। प्रत्येक वाहनों के प्रशिक्षित पायलटों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
वाहनों की प्रमुख तकनीकी सुविधाएँ
जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम – कंट्रोल रूम से वाहनों की रियल-टाइम लोकेशन मॉनिटरिंग।
वायरलेस और संचार उपकरण – तुरंत संवाद एवं सूचना साझा करने में सहायक।
प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र- दुर्घटनाओं व आपात स्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता।
सायरन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम – भीड़ नियंत्रण व त्वरित प्रतिक्रिया हेतु।
उच्च गति व सुरक्षित डिजाइन – घटनास्थल तक समय पर पहुँचने में सक्षम।
सुरक्षा उपकरण – अपराधियों पर नजऱ रखने एवं गिरफ्तारी में सहयोगी। डैशबोर्ड कैमरा सहित इत्यादि सुविधाओं से लैस है।
इन सुविधाओं से न केवल पुलिस बल की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि गोल्डन आवर में नागरिकों को आवश्यक सहयोग शीघ्र मिल सकेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, रेडियो निरीक्षक अर्जुन सिंह, यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत, संबंधित अधिकारी एवं मीडिया बंधु उपस्थित रहे।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here