टीकमगढ़। प्रदीप खरे। आजादी के महापर्व पर टीकमगढ़ ही नहीं सागर संभाग के पुलिस महकमे के लिए अच्छी खबर यह है कि सागर संभाग की कर्तव्यनिष्ठ आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी देखी जा रही है। बताया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना को यह प्रतिष्ठित पदक लगाकर सम्मानित किया।
श्रीमती हिमानी खन्ना के बारे में बताया गया है कि वह वर्ष 2006 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस में पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं और अनेक कामयाबियां हासिल की बताया गया है कि वह पुलिस अधीक्षक (SP), उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में उत्कृष्ट कार्य करते हुए ख्याति प्राप्त करती रही हैं। उनकी सेवा अवधि के दौरान नेतृत्व क्षमता, अदम्य साहस, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता का अद्भुत संगम देखने को मिला है।
उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता और जनसंपर्क में कई उल्लेखनीय सफलताएँ अर्जित की हैं।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, मित्रों एवं परिजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
साथ ही, उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) सागर-छतरपुर, सागर जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों — सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह और निवाड़ी के सभी पुलिस अधीक्षक (SP) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, बल्कि यह सागर जोन पुलिस की मेहनत, प्रतिबद्धता और जनसेवा के उच्च मानकों का भी परिचायक है। बताया जाता है कि सागर संभाग अंतर्गत आने वाले जिलों के पुलिस परिवार को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है और यह सम्मान सभी पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणादायक है। श्रीमती हिमानी खन्ना को जिले के अनेक पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने बधाईयां दी हैं। बधाइयां देनें वालों में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम, राहुल कटरे टीकमगढ़, यातायात प्रभारी कैलाश पटेल, थाना प्रभारी नीतू खटीक, मनोज सोनी, अंकित दुबे, उपेन्द्र छारी,मनीष मिश्रा, चंद्रजीत यादव, संदीप सोनी, अजाक थाना प्रभारी इंसाफ अली, कमल सिंह ठाकुर, बृजेन्द्र घोष, बृजेन्द्र चाचौरिया, चंदन शाक्य, रेवाराम, आरसी झा, सतीष त्रिपाठी, नरेंद्र वर्मा, मनीराम कठैल, स्वतंत्र कुमार जैन, सौरभ खरे, देवेन्द्र योगी, केएल टेलर, रामचरण अहिरवार, परशुराम प्रभाकर सहित अनेक नागरिकों के नाम शामिल हैं।









