हरपालपुर। क्षेत्र के लहचूरा डैम में सोमवार को मछली पकडऩे के दौरान एक युवक की डूबने से दुखद मौत हो गई। दरअसल भारी बारिश के कारण डैम में पानी का स्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के बीच युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। स्थानीय ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 43 वर्षीय भजनलाल पुत्र राजाराम रैकवार निवासी ग्राम चिरवारी थाना अलीपुरा, अपने तीन अन्य लोगों के साथ डैम के फाटक से कुछ मीटर दूर चट्टान पर बैठकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान भजनलाल का पैर चट्टान से फिसल गया, और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने भजनलाल के शव को पानी से निकाला और हरपालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां मेडिकल स्टाफ ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरपालपुर पुलिस ने मामला उत्तर प्रदेश के थाना महोबकंठ का होने के कारण शव को वहां भेजा, जहां पंचनामा के बाद शव को महोबा जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चिरवारी सरपंच राजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि भजनलाल शादीशुदा था, लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वह मछली पकड़कर बेचने का काम करता था और अपने बुजुर्ग माता-पिता और एक पुत्र का भरण-पोषण करता था।









