नौगांव। नगर में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों के खिलाफ स्थानीय लोगों ने विरोध तेज कर दिया है। शनिवार को दर्जनों लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटरों को जारी रखने की मांग की।
दो दर्जन से अधिक लोगों ने विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर जूनियर इंजीनियर (जेई) जितेंद्र प्रजापति को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हाल ही में कोर्ट ने आदेश दिया था कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सहमति से ही लगाए जाएं, लेकिन बिजली विभाग बिना सहमति के मीटर बदल रहा है। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल पहले की तुलना में ज्यादा आ रहे हैं, जबकि पुराने मीटर ठीक थे। वहीं जेई जितेंद्र प्रजापति ने कहा कि स्मार्ट मीटर शासन के नियमानुसार लगाए जा रहे हैं, और ज्यादा बिल की शिकायत गलत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर में समस्या होने पर तत्काल विभाग से संपर्क करना चाहिए, जिसका तुरंत समाधान किया जाएगा।









