महाराजपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम गौरारी की गलियां इस समय नहर बनी हुई हैं। वहीं घरों में पानी घुसने से करीब दो दर्जन मकान ध्वस्त हो गए और सामान बर्बाद हो गया। लगातार बारिश के कारण गलियों और घरों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हैं। मकानों में पानी घुसने से सामान खराब हो गया और मवेशियों के लिए चारा व ठिकाने की समस्या पैदा हो गई।
पीडि़त दीनदयाल, भगत बरार, हरिश्चंद्र, गौरी शंकर बरार, आसाराम कुशवाहा, राजेंद्र सिंह यादव, सीताराम यादव, सीमा पाल, सरला पाल, भूपेंद्र यादव, कंदीलाल आदि ने बताया कि उनके मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं, खाने-पीने का सामान, बर्तन, अनाज तक बर्बाद हो गया है। वहीं गांव के प्रधान झल्लू कुशवाहा ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद हल्का पटवारी अंकुर पांडे, पंचायत के रोजगार सहायक नंदलाल पाल, सरपंच प्रतिनिधि पुत्तीलाल कुशवाहा ने क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया। पीडि़तों को क्षतिग्रस्त मकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है और धर्मशाला तथा स्कूल में परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई हैं।









