छतरपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम रौरा, पड़रिया, बसाटा और टपरियन के ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देकर पड़रिया बांध टूटने से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। ग्रामीणों ने नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
रौरा के देवेंद्र यादव ने बताया कि पिछले दिनों पड़रिया बांध टूटने से क्षेत्र के की फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं हैं। उन्होंने सर्वे करवाकर 100 फीसदी मुआवजा देने और क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मत की मांग की, ताकि भविष्य में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके। वहीं टपरियन के भगवतदीन मिश्रा ने बताया कि बांध टूटने से फसलों के साथ-साथ गृहस्थी का सामान और कुछ लोगों के मवेशी भी बह गए, जिससे उनके सामने पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। बसाटा के ओमप्रकाश तिवारी ने भी यही समस्याएं बताईं और तत्काल राहत की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके।










