
टीकमगढ़। भीषण गर्मी में जब लोग घरों से नहीं निकलते, ऐसे में मानवीय संवेदना समिति के सदस्य नवीन बस स्टेंड पर प्रतिदिन हजारों लोगों की प्यास बुझाने में लगे रहते हैं। नर सेवा ही नारायण सेवा है। समिति सदस्य लंबे समय से यहां गर्मियों में नि:शुल्क जल सेवा देते आ रहे हैं। समिति सदस्यों की सेवा भावना सराहनीय है। समिति द्वारा लगातार की जाने वाली समाजसेवा से अनेक जरूरतमंदों की मदद होती आ रही है। मानवीय संवेदना समिति का जैसा नाम है, वैसा ही काम है। सदस्यों की संवेदना प्रशंसनीय है। यह उद्गार समापन समारोह के मुख्य अतिथि हरेन्द्र पाल सिंह ने व्यक्त किए। स्थानीय बस स्टेंड पर संचालित नि:शुल्क प्याऊ का बारिश होने के साथ ही समापन कर दिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि हरेन्द्र पाल सिंह, ंविशेष अतिथि कवि राजीव नामदेव राना लिधौरी, राकेश शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र योगी एवं सचिव मनीराम कैठल ने उपस्थित नागरिकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। सचिव मनीराम कठेल ने कहा कि बिना जन सहयोग एवं मार्गदर्शन के कार्य को पूर्ण कर पाना संभव नहीं होता। इस अवसर पर भी समिति सदस्यों के अलावा अनेक महिलाओ, छात्राओं एवं नगरवासियों ने भी यहां आकर काफी उत्साह से अपनी सेवाएं दी, जो काफी सराहनीय है। उन्होंने लोगों से सेवा करने एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही समारोह के दौरान पत्रकार प्रदीप खरे ने कहा कि मानवीय संवेदना समिति सभी का समान रूप से आदर करती है। प्याऊ पर बिना की भेदभाव के सभी को पानी पिलाती आ रही है। सदस्यों द्वारा जिस उत्साह और प्रेम से अपनी सेवा दी जाती है, वह लोगों के लिए अनुकरणीय है। पत्रकार बीडी यादव ने अपने संबोधन में समिति के कार्यों की सराहना करते हुए एक चौकडिय़ा जौ तन पर स्वार्थ के लाने, जाने कबे मर जाने, मरबे के बाद चर्चा हुईये, कै ऐसे हते फलाने…प्रस्तुत की। चेतावनी गीत ने लोगों को सेवा करने के लिए प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदना समिति अपने नाम को सार्थक करती आ रही है। इसके साथ ही अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन वीरेन्द्र चंसौरिया ने किया।
समाजसेवियों का हुआ सम्मान-
मानवीय संवेदना समिति द्वारा समारोह के दौरान अनेक समाजसेवियो का सम्मान किया गया। जिन समाजसेवियों का सम्मान किया गया, उनमें रमेश खरे, ओपी खरे, प्रदीप खरे, बीडी यादव, आसिफ खान अस्सू, दिप्पू सोनी के नाम शामिल हैं। ंश्री कठैल ने बताया कि समिति द्वारा संचालित प्याऊ पर बुजुर्ग रमेश खरे, ओपी खरे ने अस्सी वर्ष की आयु में समर्पित भाव से सेवा की है। श्री कठैल ने कहा कि शहर में समाजसेवा के लिए अनेक लोग आगे आ रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त इरफान अहमद ने किया।
यह रहे मौजूद-
नि:शुल्क प्याऊ के समापन अवसर पर विनोद राय, कैलाश नारायण श्रीवास्तव, रामचरन अहिरवार, सतीश सूत्रकार, मनोहर सिंहं, केएल टेलर, शाहिद खान, जाहिद खान, रिषी खरे, अरविंद श्रीवास्तव, सुनील होंडा, अशोक सैनी सहित अनेक नागरिक मौजूद रहे।








