हरपालपुर। ग्राम पंचायत सरसेड़ के ग्राम चपरन में गंगा जल संवर्धन अभियान के तहत हो रहे तालाब निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच व सचिव की मिलीभगत से मजदूरों को काम से वंचित कर जेसीबी मशीनों से रातों-रात दो तालाब खुदवाए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी और रेत निकालकर माफियाओं को बेची गई है। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर साक्ष्य भी जुटाए हैं और अब वे इसकी शिकायत जिला कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से करने जा रहे हैं।
मनरेगा योजना के तहत स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने की बात कही जाती है, परंतु यहां मशीनों से काम करवा कर फर्जी हाजिरी और फोटो सत्र के ज़रिए शासन को गुमराह किया जा रहा है।
इस विषय पर नौगांव जनपद पंचायत के सीईओ डॉ. हरीश केसरवानी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं एसडीएम जीएस पटेल ने भी मूल्यांकन कराने की बात कही है।










