छतरपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी की वार्षिक रथ यात्रा को लेकर रथ यात्रा समिति द्वारा बुधवार दोपहर 12 बजे एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति ने रथ यात्रा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
रथ यात्रा का शुभारंभ 27 जून 2025, शुक्रवार को शाम 5 बजे तमरयाई मोहल्ला स्थित भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से होगा। यात्रा के पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन के साथ भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथ पर सवारी आरंभ होगी।
रथ यात्रा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
28 जून को रथ यात्रा गांधी चौक होते हुए गल्ला मंडी स्थित अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचेगी। यहां स्वागत आरती मंडल द्वारा पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद रथ यात्रा कोतवाली, बालाजी मंदिर होते हुए महल तिराहा पुरानी तहसील पहुंचेगी। 29 से 30 जून तक रथ यात्रा का विश्राम पुरानी तहसील में ही रहेगा। 1 जुलाई को
1 जुलाई को परंपरानुसार जानकी जी की पालकी को मंदिर से गांधी चौक, कोतवाली होते हुए पुरानी तहसील ले जाया जाएगा वहां भगवान की आरती होगी एवं जानकी जी की पालकी के साथ वापसी यात्रा निकाली जाएगी। 2 जुलाई को सुबह-शाम आरती एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 जुलाई को विश्राम दिवस रहेगा। 4 जुलाई को सायं 6 बजे भगवान जगन्नाथ स्वामी की मूर्ति को रथ से उतारकर मंदिर में पुन: विराजित किया जाएगा। इसी दिन श्रीरामचरितमानस का अखण्ड पाठ (पारायण) प्रारंभ होगा। 5 जुलाई को रथ यात्रा महोत्सव का समापन हवन, शांति पाठ, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे के साथ होगा।
प्रेसवार्ता में रथ यात्रा समिति के अध्यक्ष निक्की ताम्रकार, सचिव संतोष ताम्रकार, कोषाध्यक्ष आनंद ताम्रकार, मुख्य पुजारी बद्री पौराणिक, विशाल ताम्रकार सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की।









