
टीकमगढ़। इन दिनों में जिले में अवैध शराब का कारोबार दिनों दिन फल-फूल रहा है। जगह-जगह अवैध शराब कारोबारी गांव-गांव में स्लो प्वाइजन कही जाने वाली अवैध शराब परोसने में लगे हैं। अवैध शराब के बढ़ते कारोबार को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा थाना प्रभारियों को सख्ती से निर्देश देते हुए अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाए जाने के लिए कहा है। पुलिस कप्तान के कड़े निर्देशों एवं पुलिस की पैनी नजर के चलते अवैधशराब कारोबारियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। इन मामलों का पर्दाफाश कराने में ग्रामीणों की सक्रियता को भी काफी हद तक सहयोगी माना जा रहा है। कई इलाकों में अवैध शराब कारोबारियों को पकड़वाने में ग्रामीणों की भी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। यहां बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही अवैध हथियार लिए अवैध शराब कारोबारियों को पुलिस ने जनता के सहयोग से ही गिर$फतार किया था। थाना लिधौरा पुलिस को मिली सफलता के कारण अवैध शराब बिक्रेताओं में खलबली मची हुई है। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा चलाए जा रहे नशे के विरुद्ध अभियान के अंतर्गत लिधौरा पुलिस की प्रभावी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में खुशी देखी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध शराब 20 पेटी कुल मात्रा 180 लीटर कीमती 70 हजार रूपए मय मारुति वैन के जप्त की है। इस मामले में दो आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय, भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम हेतु नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा सतत कार्यवाही की जा रही है। उक्त अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम के निर्देशन में एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी लिधोरा निरीक्षक बृजेन्द्र चाचोंदिया को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। बताया गया है कि थाना लिधौरा पुलिस ने 08 जून 2025 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना लिधौरा अंतर्गत अंबेडकर चौक लिधौरा पर एक मारुति वैन जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 95 सी 4603 था। जिसे रोककर चेक किया गया, जिसमें 02 व्यक्ति मिले। जिन्होंने पूँछताँछ पर एक व्यक्ति ने अपना नाम अनिल पिता ज्ञानचंद्र अहिरवार उम्र 29 साल निवासी ग्राम जेरोन जिला निवाड़ी एवं दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम सुजान पिता विजय यादव उम्र 36 साल निवासी हथेरी जिला टीकमगढ़ का होना बताया।
डेढ़ लाख से अधिक का मशरूका-
वाहन को चेक करने पर उसमें 20 पेटी देशी मदिरा प्लेन कुल मात्रा 180 लीटर कीमती 70 हजार रूपए की पाई गई। आरोपियों के पास उक्त शराब परिवहन संबंधी कोई दस्तावेज नहीं पाए गए, जिस पर आरोपियों के विरुद्ध थाना लिधौरा में अपराध क्रमांक 119/2025 धारा 34 (2) आवकारी एक्ट के तहत कायम कर विवेचना में लिया गया । जप्त मशरूका के बारे में दी गई जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अवैध शराब 20 पेटी देशी मदिरा प्लेन कुल मात्रा 180 लीटर कुल कीमती 70 हजार रूपए एवं 01 मारुति वैन कीमती 90 हजार रूपए, 01 मोबाइल कीमती 5 हजार रूपए जप्त किया है। बताया गया है कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 65 हजार रूपए का कुल मशरूका बरामद किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल पिता ज्ञानचंद्र अहिरवार उम्र 29 साल निवासी ग्राम जेरोन जिला निवाड़ी, सुजान पिता विजय यादव उम्र 36 साल निवासी हथेरी जिला टीकमगढ़ के नाम शामिल हैं। बताया गया है कि इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वालों में थाना प्रभारी लिधौरा निरीक्षक बृजेंद्र चाचोंदिया, सहायक उप निरीक्षक सुकरत राय, रविंद्र दीक्षित, प्रधान आरक्षक रंजित सिंह, रामचंद्र नायक, आरक्षक सुनील, सौरभ, अरविंद नामदेव, आदर्श दुबे, महिला आरक्षक रोशनी की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। टीकमगढ़ पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कार्यों के विरुद्ध अभियान सतत रूप से जारी रहेगा एवं आमजन से अपील की जाती है कि नशा एवं अवैध मादक पदार्थों के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर पुलिस को अवश्य सूचित करें।








