
बिजावर। बिजावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झमटुली और गुड़पारा के लिए सोमवार ऐतिहासिक दिन रहा। बिजावर विधायक राजेश बबलू शुक्ला ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए ग्राम झमटुली और गुड़पारा में एक करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से पाल मोहल्ला में 75 लाख की लागत से बनने वाले पुल, बिहारी जू मंदिर के समीप 2 लाख की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल, और बुंदेला बब्बाजू के समीप भी 2 लाख की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से की जा रही मांग हुई पूरी
विधायक श्री शुक्ला ने बताया कि ग्राम झमटुली के पाल मोहल्ला में लंबे समय से पुल न होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। इसी तरह, गुड़पारा में भी ग्रामीण लंबे समय से एक मजबूत पुल की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक राजेश बबलू शुक्ला ने त्वरित कार्रवाई की और इन दोनों क्षेत्रों में पुल निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करवाया। भूमिपूजन समारोह के दौरान क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक राजेश बबलू शुक्ला का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने ग्राम झमटुली के पाल मोहल्ला में 75 लाख की लागत से बनने वाले पुल और गुड़पारा में भी एक अन्य पुल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, विधायक निधि से बिहारी जू मंदिर और बुंदेला बब्बाजू के समीप 2-2 लाख की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल के निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया।
विधानसभा के विकास हेतु हम सदैव प्रयासरत: बबलू शुक्ला
भूमिपूजन समारोह के दौरान अपने उद्बोधन में विधायक राजेश बबलू शुक्ला ने कहा, आज क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण मांगें पूरी हुई हैं। मुझे जानकारी मिली थी कि गुड़पारा में बच्चे बांस के अस्थायी पुल बनाकर स्कूल जा रहे थे, जो बहुत खतरनाक था। इस समस्या को देखते हुए मैंने तुरंत प्रयास किए और आज हम इन दोनों गांवों में मजबूत पुल बनवा रहे हैं। इससे न केवल ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि बच्चों को भी सुरक्षित स्कूल जाने का रास्ता मिलेगा। उन्होंने आगे कहा, मेरी कोशिश हमेशा से रही है कि बिजावर विधानसभा क्षेत्र के हर गांव का विकास हो। इसके लिए मैंने पहले भी कई कार्य किए हैं, जैसे क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाना, पेयजल की व्यवस्था करना, और स्कूलों में सुविधाएँ बढ़ाना। हाल ही में हमने क्षेत्र के कई स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा शुरू की है और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। मेरा संकल्प है कि बिजावर विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में मिसाल बने। विधायक राजेश बबलू शुक्ला ने यह भी बताया कि वे क्षेत्र में और भी कई विकास योजनाओं पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजावर विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही कई अन्य प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होगी, जिसमें ग्रामीण सड़कों का निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, और किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाना शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने सुझाव और समस्याएँ सीधे उन तक पहुँचाएँ, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके।









