
बिजावर। पिपट थाना क्षेत्र के पनागर गांव में शुक्रवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बताया गया है कि कुछ युवकों के बीच चल रही शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद एक युवक की उसके ही साथियों ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की भी चर्चा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पनागर निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र गौरीशंकर राजपूत अपने कुछ साथियों के साथ रात में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि साथियों ने बीरेंद्र पर पत्थरों से हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पिपट और सटई थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बिजावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां बीएमओ डॉ. महेश त्रिवेदी ने पोस्टमार्टम किया। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि सिर पर भारी वस्तु से चोट के कारण ब्रेन हेमरेज हुआ, जिससे मौत हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। गांव में ऐसी भी चर्चा है कि मृतक वीरेंद्र की गांव के कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी, संभवत: उसी के चलते हत्या की गई है।









