
छतरपुर जिले के भगवां थाना क्षेत्र में बड़ामलहरा-घुवारा मार्ग पर फुटवारी गांव के पास डीजे वाहन और घोड़ा बग्गी की भिड़ंत में पांच लोगों के साथ एक घोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया है कि हादसा शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब बड़ामलहरा की ओर से आ रहा डीजे वाहन और भगवां की ओर जा रही घोड़ा बग्गी आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद बग्गी पलट गई। भगवां थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को बड़ामलहरा सिविल अस्पताल भेजा, जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बग्गी संचालक रजपाल यादव निवासी बंदेल खेरा ने बताया कि हादसे में पांच लोग, जिनमें तीन नाबालिग और दो अन्य शामिल हैं, घायल हुए। इसके साथ ही बग्गी का घोड़ा भी गंभीर रूप से चोटिल हुआ। डीजे वाहन भगवां निवासी पप्पू राय का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, रात के अंधेरे के कारण यह हादसा हुआ। क्षतिग्रस्त डीजे वाहन को भगवां थाना परिसर में पुलिस सुरक्षा में रखा गया है।









