
छतरपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद, जबलपुर को छतरपुर जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी के सात पदाधिकारियों ने अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। त्यागपत्र देने वालों में महिला उपाध्यक्ष रचना त्रिपाठी, उपाध्यक्ष गणेश साहू, कार्यकारिणी सदस्य विशाल राय, अतुल खरे, दीनदयाल कुशवाहा, मनोज कुशवाहा और देववृत द्विवेदी शामिल हैं। ये सभी वर्ष 2023-25 के लिए हुए चुनाव में अपने-अपने पदों पर निर्वाचित हुए थे।उपाध्यक्ष गणेश साहू ने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विनोद गुड्डू दीक्षित पर गंभीर आरोप लगाए। श्री साहू ने कहा कि अध्यक्ष का रवैया उदासीन और संघ विरोधी रहा है। पिछले दो वर्षों में कार्यकारिणी की एक भी बैठक नहीं बुलाई गई, न ही कोई आम सभा आयोजित की गई। इसके अलावा, भीषण गर्मी में अधिवक्ता संघ भवन में कूलर, पीने का पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में संघ की आय लगभग 24 लाख रुपये रही, लेकिन इसका लेखा-जोखा आम सभा में प्रस्तुत नहीं किया गया। अध्यक्ष पर बिना आम सभा के प्रस्ताव के राशि के दुरुपयोग का भी आरोप है।









