
छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश सरकार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, संग्रह, बिक्री और नशाखोरी के खिलाफ रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान जिले भर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अभियान में 61 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए, जिससे नशे के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया गया।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में सभी पुलिस अधिकारियों ने रात्रि भ्रमण कर अभियान को अंजाम दिया। पिछले कुछ महीनों में छतरपुर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 64 और आबकारी अधिनियम के तहत 2000 से अधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान 52 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे, 800 किलोग्राम गांजा, 500 से अधिक नशीली सिरप की शीशियां, 200 से अधिक नशीली टैबलेट और इंजेक्शन, तथा 15,000 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। रात्रि पेट्रोलिंग के तहत नौगांव थाना क्षेत्र में 8, कोतवाली और गढ़ीमलहरा में 5-5, बमीठा, महाराजपुर और लवकुशनगर में 3-3, जबकि ओरछा रोड, हरपालपुर, अलीपुरा, गुलगंज, सटई, खजुराहो, राजनगर, गौरिहार और चंदला में 2-2 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।








