
छतरपुर। यातायात पुलिस ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच तेज कर दी है। निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को 30 स्कूल वाहनों की जांच में 8 वाहनों में कमियां पाए जाने पर 5000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शासन के सुरक्षा मानकों के तहत स्कूल वाहनों की जांच शुरू की है। यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत और उनकी टीम ने विभिन्न स्कूलों और चेकिंग पॉइंट्स पर वाहनों की जांच की। इस दौरान प्राथमिक उपचार किट, गति नियंत्रण यंत्र, अग्निशमन यंत्र, वाहन की बॉडी, दरवाजे, चालक का लाइसेंस, वाहन फिटनेस और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। स्कूल संचालकों और चालकों को बच्चों की सुरक्षा के लिए परिचय प्रदर्शित करने और वाहनों पर आपातकालीन संपर्क नंबर अंकित करने की हिदायत दी गई। जांच में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 8 स्कूल वाहनों पर 5000 रुपये का चालान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात प्रभारी को स्कूल वाहनों की नियमित जांच और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस ने स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।








