
छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के डुमरा तिगैला के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक टवेरा कार ने सड़क पर जा रही दो बाईक को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक बाइक पर ग्राम वनगांय निवासी 55 वर्षीय नेपाल खंगार पुत्र गोविंद दास, 40 वर्षीय देशराज पटेल पुत्र धर्मदास पटेल और लुगासी निवासी 45 वर्षीय बाबूलाल पुत्र हल्के पटेल, ग्राम लुगासी से ललपुर की जा रहे थे। दूसरी बाइक पर ग्राम पुरमऊ निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र तिवारी अकेले सवार थे और उसी क्षेत्र में कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक टवेरा कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।








