
खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो में रविवार को बुंदेल केसरी महाराजा छत्रसाल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर धौलागिरि धाम से निकली विशाल शोभायात्रा ने नगर को सनातन के गौरव से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा गांधी चौक, अंबेडकर चौक, पश्चिमी मंदिर प्रवेश द्वार, नंदी तिराहा, गोल मार्केट होते हुए पुरानी बस्ती के हायर सेकंडरी स्कूल चौराहे पर महाराजा छत्रसाल प्रतिमा स्थल पर संपन्न हुई। ढोल-नगाड़ों और युद्ध कौशल प्रदर्शन के साथ निकली शोभायात्रा में घोड़ों पर सवार युवा और शाही बग्घी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, महाराजा छत्रसाल और प्राणनाथ जी की छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पण के साथ हुआ। शोभायात्रा में सर्व समाज ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिमा स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने महाराजा छत्रसाल की बुंदेलखंड में सनातन धर्म की विजय पताका फहराने और उनकी वीर गाथाओं पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के संयोजक करणी सेना जिला उपाध्यक्ष धीरू राजा बुंदेला ने कहा कि यह पहल जन-जन तक छत्रसाल के यश को पहुंचाने की है। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह व्यापारी संघ, मजदूर संघ, जैन समाज और अन्य संगठनों ने भव्य स्वागत किया। नरेश सोनी, गौरव अग्रवाल, रिंकू गुप्ता और वीरेंद्र सीगौत जैसे प्रमुख लोगों ने स्वागत में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन राजू सिंह चौहान ने किया। शोभायात्रा में महाराजा छत्रसाल की शाही बग्घी और युद्ध कौशल प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा। धीरू राजा ने बताया कि यह पहली बार है जब खजुराहो में इतने बड़े स्तर पर जयंती शोभायात्रा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य महाराजा छत्रसाल की वीरता को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार (पप्पू अवस्थी), उपाध्यक्ष बिट्टी बाई पाल, जनप्रतिनिधि आशाराम पाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह बघेल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मलखान सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष छतरपुर अर्चना गुड्डू सिंह, छतरपुर क्षत्राणी संगठन जिला अध्यक्ष किरण सिंह चंदेल, मीनाक्षी सिंह, डॉ. कविता सिंह बुंदेला, सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।








