
छतरपुर। जिला पंचायत सभा कक्ष में सोमवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में छतरपुर विधायक ललिता यादव, विधायक राजेश शुक्ला, कामाख्या प्रताप सिंह, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनपद पंचायत अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, आत्मा आदि योजनाओं की जमीनी स्तर पर प्रगति का आंकलन करना था। उन्होंने बताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आई कमियों को चिह्नित किया गया है और संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि छतरपुर एक आकांक्षी जिला है। यहां विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी संयुक्त रूप से प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और लाभार्थियों तक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि छतरपुर के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्ध है, और आकांक्षी जिले के रूप में इसे विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों, जैसे कि संसाधनों की कमी, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता का अभाव और तकनीकी बाधाओं को साझा किया। कलेक्टर ने जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आश्वासन दिया कि दिशा समिति के निर्देशों का पालन करते हुए कमियों को दूर किया जाएगा। बैठक में जिले के विकास को गति देने और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।








